Latest

कानपुर आए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष, बोले- बाराबंकी की घटना को अखिलेश राजनीतिक एंगल से न देखें

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव से बाराबंकी घटना पर राजनीति न करने को कहा। उन्होंने एबीवीपी छात्रों पर लाठीचार्ज की निंदा की और कहा कि दोषियों पर कार्रवाई होगी। राजभर के बयान पर उन्होंने कहा कि पार्टी घटना की निंदा करती है। कानपुर में सांसद-विधायक विवाद पर सभी को नोटिस जारी किया गया।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने आज कहा कि समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव बाराबंकी की घटना को राजनीतिक एंगल से ना देखें। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटना पर राजनीति नहीं करनी चाहिए। समाजवादी पार्टी का अपना एक चरित्र है और उसकी एक लंबी श्रृंखला है। वह भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। प्रदेश अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी के आगामी कार्यक्रमों की तैयारी बैठक के लिए कानपुर आए हुए हैं।

उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के छात्रों पर लाठी चार्ज होना दुर्भाग्यपूर्ण है। जो लोग भी इस घटना में शामिल है, सभी के खिलाफ कार्रवाई होगी। सरकार इस मामले की पूरी जांच करा रही है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राजभर के बयान को पूरे परिदृश्य में देखा जाना चाहिए। उनके बेटे ने खुद बाद में इस घटना को कंडम किया है ।जो भी घटना हुई है उसकी पार्टी निंदा करती है।