Latest

राहुल गांधी आखिर ममता बनर्जी के साथ तेजस्वी-केजरीवाल से अलग व्यवहार क्यों करते हैं?

पश्चिम बंगाल चुनाव में राहुल गांधी का अब तक एक ही दौरा हुआ है. 2021 में तो चुनाव प्रचार के लिए एक बार ही गए थे. ममता बनर्जी के खिलाफ कांग्रेस की पश्चिम बंगाल रैली में राहुल गांधी का वैसा तेवर देखने को नहीं मिला, जैसा दिल्ली और बिहार चुनाव में देखा जाता रहा है.

विधानसभा चुनाव 2026 में ममता बनर्जी के प्रति राहुल गांधी का व्यवहार एमके स्टालिन जैसा तो बिल्कुल नहीं है, हो भी नहीं सकता क्योंकि तमिलनाडु में गठबंधन है. पर पश्चिम बंगाल में इस बार कांग्रेस अरसे बाद अकेले चुनाव लड़ रही है लेकिन सत्ताधारी पार्टी पर आक्रमण को लेकर शायद असमंजस में है. 2024 का लोकसभा चुनाव दिल्ली में आम आदमी  पार्टी के साथ मिलकर लड़ने के बावजूद दिल्ली विधानसभा चुनाव में अरविंद केजरीवाल के खिलाफ राहुल गांधी को बेहद आक्रामक देखा गया था. बिहार चुनाव में तेजस्वी यादव के साथ होने के बावजूद, राहुल गांधी की रणनीति आरजेडी के खिलाफ ही देखी गई – लेकिन, ममता बनर्जी के मामले में वैसी बात नहीं देखने को मिलती है.