खास खबर

बिहार के 24वें मुख्यमंत्री बने सम्राट चौधरी, दो डिप्टी सीएम के साथ ली शपथ

बिहार में सत्ता परिवर्तन के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता सम्राट चौधरी ने बुधवार को राज्य के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन ने लोकभवन के राजेंद्र मंडपम में उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद चौधरी इस पद पर आसीन होने वाले, भाजपा के पहले मुख्यमंत्री हैं। राज्य के इतिहास में यह पहली बार है जब भाजपा के किसी नेता ने मुख्यमंत्री पद संभाला है।

सम्राट चौधरी के अलावा जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के विजय चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। सम्राट चौधरी ने शपथ लेते ही कई अहम राजनीतिक उपलब्धियां अपने नाम दर्ज की हैं। वह बिहार में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री बने हैं। इसके साथ ही वह उन चुनिंदा नेताओं में शामिल हो गए हैं, जो उपमुख्यमंत्री पद से सीधे मुख्यमंत्री पद तक पहुंचे हैं। करीब 59 वर्षों बाद यह उपलब्धि दोहराई गई है। इससे पहले 1967 में उपमुख्यमंत्री बने जननायक कर्पूरी ठाकुर ने 1977 में मुख्यमंत्री पद संभाला था।

पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सम्राट चौधरी को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ”बिहार के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करने पर सम्राट चौधरी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।” उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में बिहार और तेजी से विकास करेगा तथा देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा।

2017 में बीजेपी में शामिल हुए थे सम्राट

सम्राट चौधरी 2017 में भाजपा में शामिल हुए थे और छह वर्षों के भीतर वह राज्य इकाई के शीर्ष नेता बन गए। उन्हें मंगलवार को बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान जैसे शीर्ष पदाधिकारियों की उपस्थिति में विधायक दल का नेता चुना गया था। संसदीय बोर्ड ने चौहान को इस परिवर्तन के लिए ‘केंद्रीय पर्यवेक्षक’ के रूप में नामित किया था। चौधरी प्रभावशाली कोइरी (कुशवाहा) जाति से आने वाले दूसरे व्यक्ति हैं, जिन्होंने मुख्यमंत्री का पद संभाला है। इससे पहले, अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) से आने वाले सतीश प्रसाद सिंह 1968 में मात्र पांच दिनों के लिए मुख्यमंत्री रहे थे क्योंकि कांग्रेस द्वारा समर्थन वापस लेने से उनकी गठबंधन सरकार गिर गई थी।